सड़क निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी नाराज, स्वरूप नगर का काम दो दिन में पूरा करने के निर्देश

 


कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। अलग-अलग विभागों द्वारा एक ही सड़क का निर्माण कराने से गुणवत्ता और समतलीकरण प्रभावित हो सकता है। इसलिए चुन्नीगंज में पूरी सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग से कराया जाए। काम में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश मंगलवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शहर में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। चुन्नीगंज चौराहे के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की स्थिति देखी। अधिकारियों ने बताया कि पहले जल निगम की ओर से कराए गए कार्य के कारण सड़क का शेष निर्माण जल निगम को कराना प्रस्तावित है। इस पर डीएम ने पूरी सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग से एकरूपता के साथ कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद कंपनी बाग चौराहे पर लोक निर्माण विभाग, मेट्रो और जल निगम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराने को कहा।

स्वरूप नगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत नगर निगम की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी। निर्धारित समय के अनुसार काम पूरा नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्य अगले दो दिनों में पूरा कराने और पूरे मार्ग का निर्माण हर हाल में 30 नवंबर तक समाप्त करने के निर्देश दिए। समयसीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।

डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जिले की 14 क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप