बलरामपुर को मिला जिला सहकारी बैंक का तोहफा, किसानों को मिलेगी आधुनिक बैंकिंग सुविधा

 


बलरामपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए बलरामपुर जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के गठन को शासन स्तर से मंजूरी दे दी है। शासन की ओर से जारी अधिसूचना में बैंक के गठन की अग्रिम कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए 14.90 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। इस फैसले से बलरामपुर और गोंडा जिले के किसानों, सहकारी समितियों तथा ग्रामीण खाताधारकों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर का आभार जताते हुए इसे बलरामपुर के किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। कहा कि लंबे समय से जिले में अलग जिला सहकारी बैंक की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है।

जिला सहकारी बैंक के गठन से किसानों को 3 प्रतिशत ब्याज दर पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण, डोर-स्टेप बैंकिंग, डिजिटल बैंकिंग सहित अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

प्रदीप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूसरे जिलों की शाखाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली मजबूत होने के साथ कृषि ऋण वितरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बलरामपुर और गोंडा के लाखों किसानों तथा सहकारिता से जुड़े लोगों के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन