आरटीओ कार्यालय में दलालाें काे लेकर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, 14 संदिग्ध पकड़े गए
कानपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। आरटीओ कार्यालय में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को अचानक छापेमारी कर 14 संदिग्ध (दलालों) को पकड़ लिया। करीब 50 पुलिसकर्मियों के पहुंचते ही कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। मुख्य दरवाजे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी कार्रवाई पर ड्रोन से निगरानी की गई। अधिकारियों को कार्रवाई करते देख कई दलाल दीवार कूद-कूदकर भागने लगे।
एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने बताया कि आरटीओ कार्यालय को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की जांच के लिए जिला प्रशासन की टीम ने कार्यालय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया और 14 संदिग्धों को पकड़ा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के पास नकदी भी मिली है, जिसका मिलान और सत्यापन कराया जा रहा है। जांच में कई स्थानों पर रकम के हिसाब में अंतर भी सामने आया है।
हमीरपुर के ललपुरा थाना क्षेत्र निवासी ट्रक चालक कामता प्रसाद ने 22 अगस्त को शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक भौंती बाईपास पर उसके ट्रक का चालान किया गया था। उससे 26,700 रुपये लिए गए, जबकि 21,700 रुपये की रसीद दी गई। शिकायत मिलने के बाद ही टीम बनाकर आरटीओ कार्यालय की जांच कराई गई।
ट्रक चालक कामता प्रसाद ने बताया कि वह जेके सीमेंट का ट्रक लेकर भरुवा से मंधना जा रहा था। भौंती बाईपास पर उसके ट्रक के खिलाफ सीट बेल्ट, हॉर्न और हैवी लाइसेंस से संबंधित कार्रवाई की गई। उसका कहना है कि उसके पास हैवी लाइसेंस होने के बावजूद भी चालान किया गया। चालान की रकम जमा करने के बाद उसे 21,700 रुपये की रसीद मिली, जबकि उससे 26,700 रुपये लिए गए थे। पांच हजार रुपये के अंतर को लेकर शिकायत भी करी, लेकिन उसे भगा दिया गया।
छापेमारी के दौरान कार्यालय के अलग-अलग काउंटरों और कमरों की जांच की गई। लाइसेंस के बायोमीट्रिक कार्य का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने जरूरी दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल रिकॉर्ड कब्जे में लिए हैं। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के बाद पकड़े गए 14 संदिग्धों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जांच टीम अब दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और बरामद नकदी से जुड़े तथ्यों का मिलान कर रही है। एसडीएम ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप