जिलाधिकारी अनुनय झा ने धान खरीद और सत्यापन पर जताई नाराजगी, चार एसडीएम को थमाया नोटिस
- जिलाधिकारी ने सतर्कता के साथ भूमि और नाम का सत्यापन कराने की हिदायत दी
मुरादाबाद, 26 नवम्बर (हि.स.)। धान खरीद के लिए जिले में पंजीकृत 1221 किसानों का सत्यापन तहसील स्तर पर लंबित होने पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने नाराजगी जताई और संबंधित चारों एसडीएम को नोटिस जारी कर दिया। साथ ही सतर्कता के साथ भूमि और नाम का सत्यापन कराने की हिदायत दी गई है।
इस मामले में डीएम अनुनय झा ने गुरुवार को बैठक की। उन्हाेंने बताया कि पिछले साल की तुलना में किसानों के पंजीकरण काफी कम हुए हैं। धान की खरीद भी संतोषजनक नहीं है। डीएम ने सत्यापन और धान खरीद की प्रगति पर नाराजगी जताई है। इस मामले में उन्होंने सभी एसडीएम को नोटिस जारी कर नियमानुसार खतौनी से नाम और भूमि का मिलान कर सत्यापन तेज करने के निर्देश दिए।
हिदायत दी कि पंजीकरण सत्यापन शीघ्र होने पर ही धान की खरीद बढ़ेगी। इसके अलावा धान क्रय केंद्र प्रभारियों को पिछले साल धान विक्रय करने वाले किसानों से संपर्क करने की सलाह दी है ताकि धान खरीद बढ़ाई जा सके। इस मामले में जिला खाद्य विपणन अधिकारी विनीता मिश्रा का कहना है कि केंद्र प्रभारियों को किसानों से प्रतिदिन अपने क्षेत्र में संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में धान खरीद के लिए 8433 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इसमें ठाकुरद्वारा तहसील के 4300, कांठ तहसील क्षेत्र के 999, मुरादाबाद सदर के 1667, बिलारी क्षेत्र के 1467 शामिल हैं। जिला स्तरीय समीक्षा के दौरान पाया गया कि इनमें लेखपाल स्तर पर 1078, तहसीलदार स्तर पर 91, एसडीएम स्तर पर 80, एडीएम स्तर पर 20 आवेदन लंबित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल