दिशा समिति की बैठक : सपा विधायक ने बिजली विभाग पर एक लाख रुपए वसूली का लगाया आरोप
जौनपुर,28 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण और बिजली व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। बैठक की अध्यक्षता जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने की। मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज सह-अध्यक्ष रहीं, जबकि नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव समेत जिले के जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सबसे तीखे सवाल मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने उठाए। उन्होंने जल जीवन मिशन को जीरो विभाग बताते हुए कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े बजट वाली इस योजना के बावजूद गांवों में अपेक्षित काम नहीं दिख रहा है और जनता पेयजल संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों के पास संतोषजनक जवाब नहीं था। रागिनी सोनकर ने लोक निर्माण विभाग पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2023 में स्वीकृत सड़क का निर्माण ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण अब तक शुरू नहीं हो सका। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बैठक के दौरान विधायक ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली पोल और तारों की मरम्मत शिकायत के बावजूद नहीं की गई। उनका आरोप है कि चार दिन पहले एसडीओ और लाइनमैन ने कथित रूप से 1 लाख रुपए की वसूली के बाद ही मरम्मत कार्य कराया। उन्होंने इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि कई विभाग, विशेषकर लोक निर्माण विभाग, विकास कार्यों में पीछे हैं और सड़कों का निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में तय सड़क जांच का निर्णय भी अब तक लागू नहीं हो सका। बैठक के अंत में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि सभी विभागों की समीक्षा कर अधिकारियों को लम्बित कार्यों में तेजी लाने और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव