पचपन साल का व्यक्ति जींस पहनने से युवा नहीं हाे सकता : दिनेश प्रताप सिंह

 




सुलतानपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी नेताओं, विशेषकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय संस्कार और संस्कृति में 55 वर्ष का व्यक्ति चाहे जितना जींस पहन ले, हम उसे नौजवान नहीं मानते।

नगर के पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार परिसर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान एवं कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात, उ0प्र0 दिनेश प्रताप सिंह रहे। सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के एक पुराने बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में से केवल 20 रुपये ही गांवों तक पहुंचते थे, जबकि 80 रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे।

इसके विपरीत, मंत्री ने दावा किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये सीधे गरीब के खाते में पहुंचते हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने में पारदर्शिता का भी उल्लेख किया।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जो लोग अपने पूर्वजों और परिवार के नाम का उपयोग केवल अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार करते हैं और फिर उन्हें छोड़ देते हैं, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत नहीं हो सकते। उन्होंने युवाओं के लिए भगवान राम और शहीद भगत सिंह जैसे महापुरुषों को प्रेरणा का स्रोत बताया।

मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का पालन करते हुए स्वतंत्रता दिवस पर पूरे राष्ट्रगीत के गायन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रगीत को आधा गाया जाता था, लेकिन आज पूरा देश गर्व से इसे गा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान की भी सराहना की।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के नीचे खड़े होकर हम दलीय और राजनीतिक भावनाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। यह ध्वज हमें राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की ताकत देता है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मंत्री दिनेश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सत्ता की लालसा में युवाओं को गुमराह करने वालों को जनता अब पहचान चुकी है।

सभागार परिसर में स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इसके उपरान्त राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन तथा मंत्री द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान का गायन किया गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। वन विभाग द्वारा पर्यावरण एवं नदियों के संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश अध्यक्ष गोमती मित्र मंडल रूद्र प्रताप सिंह, डॉ0 सुधाकर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कटका क्लब सौरभ मिश्रा तथा सामाजिक संस्था जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी अभिनन्दन प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, अपना दल जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा, सुभासपा जिलाध्यक्ष सतीश मिश्रा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद प्रवीन कुमार अग्रवाल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह सहित आदि माैजूद रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त