नकली गांधी अब भारत में कामयाब नहीं होंगे : दिनेश प्रताप सिंह

 




सुलतानपुर, 21 जून (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पर्यावरण पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)दिनेश प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री के योग अभियान को 365 दिन तक चलाने का आवाह्न किया।

नीट पेपर लीक मामले में अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे अभियान को लेकर पत्रकारों के पूछे गए सवाल पर दिनेश प्रताप सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति केवल परिवार तक सीमित रही है और उन्होंने कभी देश या जनता को न्याय नहीं दिया।

श्री सिंह ने कहा, “राहुल गांधी और उनकी पीढ़ियों ने आखिर किसको न्याय दिया है? क्या भारत को न्याय दिया, भारत की पावन भूमि को न्याय दिया या भारतवासियों को न्याय दिया? उन्होंने केवल अपने परिवार को न्याय दिया है।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या मेनका गांधी और वरुण गांधी को कभी न्याय मिला?

श्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी रायबरेली और अमेठी से सांसद रहे, लेकिन इन क्षेत्रों के विकास और जनता के मुद्दों के लिए उन्होंने संसद में कोई उल्लेखनीय आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि सांसद का दायित्व अपने संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठाना होता है, लेकिन राहुल गांधी इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “जो नेता अपने क्षेत्र की जनता को महत्व नहीं देता और खुद को बड़ा नेता समझता है, वह कभी बड़ा नेता नहीं बन सकता।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना करते हुए मंत्री ने कहा कि मोदी जनता की आकांक्षाओं के प्रतीक हैं, जबकि राहुल गांधी भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभावना से दूर हैं।

अपने बयान को और तीखा करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी को “नकली गांधी” बताते हुए कहा कि देश की जनता उनकी वास्तविकता समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की राजनीति अब जनता को प्रभावित नहीं कर पाएगी और भविष्य में उनकी सफलता की संभावनाएं लगातार कम होती जाएंगी।

कार्यक्रम में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता व अधिकारी गण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त