डिजिटल फ्रॉड से बचाव को 9 से 15 मार्च तक जागरूकता सप्ताह

 


कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित बनाना समय की जरूरत है। थोड़ी सी सावधानी बरत कर लोग ऑनलाइन ठगी से बच सकते हैं और सुरक्षित तरीके से डिजिटल भुगतान का लाभ उठा सकते हैं। यह बातें रविवार को लीड बैंक मैनेजर आदित्य चंद्रा ने कहीं।

भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश पर जनपद में नौ से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थान मिलकर लोगों को डिजिटल लेन-देन के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करेंगे। अभियान का उद्देश्य आमजन को ऑनलाइन भुगतान की सुविधाओं के साथ-साथ उससे जुड़े सुरक्षा उपायों की जानकारी देना है।

लीड बैंक मैनेजर आदित्य चंद्रा ने बताया कि यह कार्यक्रम रिजर्व बैंक के ‘हर पेमेंट डिजिटल’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष जागरूकता सप्ताह का मुख्य संदेश ‘थोड़ा ध्यान से—सावधान रहें, अलर्ट रहें’ रखा गया है, जिसके माध्यम से डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर दिया जाएगा।

अभियान के तहत बैंक शाखाओं, बाजारों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में लोगों को बताया जाएगा कि भुगतान प्राप्त करने के लिए किसी भी व्यक्ति को क्यूआर कोड स्कैन करने या पिन दर्ज करने की जरूरत नहीं होती। इसके अलावा ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान करते समय राशि और प्राप्तकर्ता के नाम की दोबारा जांच करना जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत बैंक या सम्बंधित प्राधिकरण को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप