डीआईजी ने किया औरैया का निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था देख की सराहना
औरैया, 29 मार्च (हि.स.)। कानपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक हरिश्चंद्र ने रविवार को औरैया जनपद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर पुलिस व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। ककोर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डीआईजी ने कहा कि औरैया में तैनात पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जिले की पुलिस विशेषकर अपहरण जैसे गंभीर मामलों में बेहतर कार्य कर रही है और सफल बरामदगी कर रही है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि जनपद में क्यूआर कोड प्रणाली लागू की जाए, जिससे पुलिसिंग और अधिक पारदर्शी एवं सुचारु हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि जनप्रतिनिधियों ने भी औरैया पुलिस के कार्यों की प्रशंसा की गई है, जो पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक है।
डीआईजी ने प्रदेश स्तर पर पुलिस बल को मजबूत करने की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में लगभग 60 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इनकी तैनाती जनपदों की आवश्यकता के अनुसार की जाएगी, जिससे कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
आईजीआरएस में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्होंने औरैया पुलिस को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि पुलिस जनता की शिकायतों के प्रति गंभीर है और उनका त्वरित निस्तारण कर रही है। उन्होंने फीडबैक प्रणाली को बेहतर पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। इसके अलावा उन्होंने गौकशी के मामलों में की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि जनपद में ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है और अवैध रूप से गोवंश ले जाने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। अब तक 30 से अधिक लोगों पर कार्रवाई हो चुकी है और आरोपियों की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि साइबर अपराध और गैंगस्टर एक्ट से जुड़ा प्रदेश का पहला मुकदमा भी औरैया में दर्ज किया गया है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार