देवरिया में दिव्यांगजनों ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

 


देवरिया, 10 अगस्त (हि.स.)। गौतम बुद्ध पूर्वांचल विकलांग सेवा समिति के सदस्यों ने सोमवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। समिति के अध्यक्ष अजय कुमार शाही के नेतृत्व में दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और 13 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।

समिति की प्रमुख मांगों में दिव्यांग पेंशन में वृद्धि और ‘एक देश, एक पेंशन’ व्यवस्था लागू करना शामिल रहा। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि पेंशन बढ़ाने का वादा लंबे समय से लंबित है, लेकिन अब तक अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने दिव्यांगजनों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, अंत्योदय राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने की भी मांग की।

इसके अलावा जरूरतमंद दिव्यांगजनों के लिए ऋण की व्यवस्था करने, रुकी हुई पेंशन का भुगतान खातों में कराने तथा आवासीय भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने की मांग की गई। समिति ने पुलिस प्रशासन से दिव्यांगजनों के उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।

मांगपत्र में सरकारी नौकरियों में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित रिक्त पदों को भरने और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 को प्रभावी ढंग से लागू कराने की मांग भी शामिल रही। समिति ने मेडिकल कॉलेज में दिव्यांगजनों का नि:शुल्क उपचार, बिजली बिल में राहत तथा रजिस्ट्री समेत अन्य सरकारी योजनाओं में नियमानुसार सुविधाएं दिलाने की मांग की।

समिति पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की। प्रदर्शन में सत्येंद्र कुमार, वंसराज, पूनम, मधु, मानिक चंद, इम्तियाज, मंशा देवी, आदिल शाह, रामकढ़ाई, सानू, संदीप चौहान, श्यामसुंदर सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक