खागा डायग्नोस्टिक सेंटर प्रकरण में उप मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

 


लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। फतेहपुर के खागा डायग्नोस्टिक सेंटर में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन और नोटिस के बावजूद कार्रवाई न होने के मामले में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने फतेहपुर सीएमओ डॉ. यूबी सिंह की कार्यशैली पर उठे सवालों को गंभीरता से लेते हुए अपर निदेशक स्तर से जांच कराने और एक सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को पत्र लिखा है।

22 नवंबर 2026 को खागा डायग्नोस्टिक सेंटर में मरीज पारूल का अल्ट्रासाउंड हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत हुई। जिसमें दावा किया गया है कि रिपोर्ट पर जिस सोनोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर हैं, उनकी कोविड काल में मृत्यु हो चुकी है। आरोप हैं कि ऐसे कई सेंटर सीएमओ की कथित छत्रछाया में संचालित हो रहे हैं। कई अन्य मामलों में भी सीएमओ की भूमिका और कार्यशैली संदिग्ध होने की शिकायत की गई है।

सीएमओ कार्यालय ने 12 नवंबर को खागा डायग्नोस्टिक सेंटर को नोटिस जारी किया था। निरीक्षण में अनुबंधित चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार गैरहाजिर मिले थे। तकनीकी सहायक द्वारा अल्ट्रासाउंड जांच किए जाने का आरोप दर्ज किया गया था। पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं मिली थी। इसे पीसीपीएनडीटी अधिनियम का प्रथम दृष्टया उल्लंघन माना गया था।

संचालक सरवर रजी खान को 13 नवंबर को मूल अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नोटिस के बाद भी केंद्र का संचालन जारी है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य महानिदेशक को पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने वाले सोनोलॉजिस्ट की स्थिति, केंद्र के पंजीकरण और नोटिस के बाद की कार्रवाई की पड़ताल की जाएगी। सीएमओ की भूमिका की भी जांच होगी। आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन