हर बूथ पर कमेटियों का भौतिक सत्यापन और नियुक्तियां हों : धर्मपाल सिंह

 


कानपुर, 02 मई (हि.स.)। सभी मंडल प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर जाकर कमेटियों का भौतिक सत्यापन करें। जहां गठन अधूरा है, वहां उसे तुरंत पूरा कराया जाए। हर शक्ति केंद्र और बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ता को पालक और प्रवासी बनाया जाए। संगठन की मजबूती जमीन स्तर पर दिखनी चाहिए और हर बूथ सक्रिय रहना चाहिए। यह निर्देश शनिवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने दिए।

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सत्रह जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और दो सौ चौवन मंडलों के प्रवासियों की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडल प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक बूथ पर जाकर कमेटियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें और जहां भी कमेटियों का गठन अधूरा हो, उसे शीघ्र पूरा कराया जाए।

यह बैठक क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद वंदे मातरम का पूर्ण गीत गाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन के बूथ स्तर के कार्य न केवल अभिलेखों में बल्कि जमीन पर भी शत-प्रतिशत पूरे होने चाहिए। मंडल प्रवासी, मंडल कमेटी से लेकर बूथ स्तर तक सभी गतिविधियों की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह सक्रिय और सुदृढ़ बना रहे। उन्होंने बूथ स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी भी साझा की और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि “मन की बात” कार्यक्रम को हर बूथ पर शत-प्रतिशत सुना जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संवाद मजबूत हो सके।

बैठक के बाद धर्मपाल सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों से आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों की तिथियों, स्थान और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी ने किया। प्रस्तावना प्रदेश महामंत्री और क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, राम किशोर साहू, संत विलास शिवहरे, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, आनंद सिंह और रंजना उपाध्याय सहित सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और मंडलों के प्रवासी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप