रिजर्व पुलिस लाइन में वृहद स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान

 






गोरखपुर, 20 जून (हि.स.)। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें डीजी/अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चिनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने स्वयं भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की और पुलिसकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पूरे परिसर में साफ-सफाई की गई और कूड़ा-कचरा हटाकर वातावरण को स्वच्छ बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे दैनिक आदत में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी साफ-सुथरा रखें और कूड़ा हमेशा निर्धारित स्थान पर ही डालें।

वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर सभी पुलिसकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और समाज में भी इसके प्रति संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाती है, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। ऐसे में स्वच्छता जैसे जनहित के विषय पर पुलिस की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, क्षेत्राधिकारी/सहायक पुलिस अधीक्षक लाइन्स अरुण कुमार एस सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिसर को साफ-सुथरा बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अभियान से न केवल पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ, बल्कि पुलिसकर्मियों में भी स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव मजबूत हुआ। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय