बुद्ध पूर्णिमा पर शीतला चौकियां धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 




जौनपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को पूर्वांचल में आस्था का केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए मंदिर परिसर में भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर प्रशासन के अनुसार, दिनभर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने माता शीतला के दर्शन किए।

भोर होते ही श्रद्धालु कड़ाही चढ़ाने, नारियल व चुनरी अर्पित करने के साथ माता रानी के दर्शन के लिए कतारों में लग गए। वाराणसी, आजमगढ़, सुल्तानपुर और गाजीपुर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा और भक्तिभाव का माहौल बना रहा।

दोपहर में मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके बाद आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर में जय नारायण पंडा, सोनू पंडा और चंद्रदेव पंडा ने श्रद्धालुओं को विधि-विधान से दर्शन-पूजन कराया।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में सुजीत मौर्य और विजय यादव लगातार सक्रिय रहे। मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष वृद्धि हुई।

वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों की अधिकता के चलते मंदिर के आसपास करीब आधा किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी रहे।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव