छुआछूत दूर करने के लिए विहिप कटिबद्ध : देवजी भाई रावत
लखनऊ, 27 मार्च (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद लखनऊ विभाग की सामाजिक समरसता की बैठक शुक्रवार को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में स्थित सेलिब्रिटी गार्डन में की गई। मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री और अखिल भारतीय सामाजिक समरसता प्रमुख देवजी भाई रावत ने लखनऊ विभाग के सभी जिलों की कार्यकारिणी के दायित्वान कार्यकर्ताओं को संगठन से जुड़ने और अपने कार्य में सक्रियता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रवास (क्षेत्रीय दौरे) पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रवास के माध्यम से ही नए कार्यकर्ता संगठन से जुड़ेंगे और उनमें ऊर्जा तथा उत्साह का संचार होगा। समाज में समरसता पर बल देते हुए देवजी भाई रावत ने कहा कि छुआछूत हमारे समाज का हिस्सा कभी नहीं था। यह प्रथा बाहरी आक्रमणकारियों की देन है। उन्होंने इस भेदभाव को समाप्त करने और समाज में समानता एवं सौहार्द का वातावरण बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि विश्व हिंदू परिषद छुआछूत को दूर करने के लिए कटिबद्ध है और इसे समाप्त करके ही दम लेगी।
--सेवा बस्तियों में हिन्दू परिवार मित्र बनायेगी विहिपदेवजी भाई रावत ने बताया कि समरसता यात्रा के दौरान अस्पृश्यता मुक्त भारत व समरसता युक्त भारत बनाने के लिए गांवों में आम जनता से संकल्प कराया जायेगा। प्रत्येक जिले में बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए ट्रेनिंग सेन्टर प्रारम्भ कर दलित युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जायेगा। आने वाले समय में अनुसूचित जाति व जनजाति छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों से सम्पर्क व सहयोग की योजना बनाई गयी है। इसके अलावा प्रत्येक जिले में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता सेवा बस्ती के एक-एक परिवार को गोद लेकर हिन्दू परिवार मित्र बनायेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन