प्रयागराज के करेली में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर सख्त हुए मंत्री नन्दी, अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शुक्रवार को नगर के करेली क्षेत्र में चल रहे नाला और सड़क निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए सम्बंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जीटीबी नगर करेली में रात्रि प्रवास के बाद शुक्रवार सुबह मंत्री नन्दी ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति, सड़कों पर उड़ रही धूल और जगह-जगह गड्ढों से हो रही परेशानी की शिकायत की।
नन्दी ने तत्काल सम्बंधित विभागों के अधिकारियों से बात कर निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और अधूरे कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। भ्रमण के दौरान मंत्री नन्दी ने दुर्गा पूजा पार्क का निरीक्षण भी किया और उसके सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में हाईमास्ट और एलईडी लाइट लगाने, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
स्थानीय लोगों ने सड़कों को खोदकर छोड़ देने और नाला निर्माण के कारण हो रही दिक्कतों की भी शिकायत की। जिस पर नन्दी ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां काम अधूरा है, उसे शीघ्र पूरा किया जाए और खुले ढक्कनों को तत्काल बंद किया जाए। इस दौरान नन्दी ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल