तरकुलवा ब्लॉक बैठक में 2.35 करोड़ के विकास प्रस्ताव पारित, कृषि मंत्री ने किया सभागार का लोकार्पण

 


देवरिया, 02 मई (हि.स.)। देवरिया जिले के तरकुलवा ब्लॉक सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण बैठक की गई। ब्लॉक प्रमुख राम आशीष गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 35 लाख रुपये के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लम्बित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने अधूरे पड़े कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने की मांग उठाई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए जल निकासी, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता बताई। ग्राम प्रधानों ने भी गांवों में व्याप्त समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और त्वरित समाधान की मांग की।

इससे पहले, प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए सभागार भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप प्राप्त धनराशि का उपयोग बिना किसी भेदभाव के सभी गांवों के समग्र विकास में किया जाना चाहिए। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रस्ताव दें।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की “डबल इंजन सरकार” विकास कार्यों को गति दे रही है, जिससे विपक्ष हताश है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

ब्लॉक प्रमुख राम आशीष गुप्ता ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्यकाल बढ़ाया जाता है तो विकास कार्यों को और तेज गति मिलेगी। साथ ही, उन्होंने समय पर चुनाव कराने या कार्यकाल विस्तार की मांग रखते हुए प्रशासक नियुक्त न किए जाने की बात दोहराई।

बैठक में ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश राव, मंडल अध्यक्ष दुष्यंत, पति त्रिपाठी, राजू भारती, सतीश जायसवाल, राजकुमार सिंह, गोलू सिंह, जितेंद्र कुमार, बीडीओ परशुराम राम, एडीओ पंचायत रविंद्र प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रधान और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक