देवांश गुप्ता ने चमकाया पीतलनगरी मुरादाबाद का नाम, यूपीएससी में मिली 77 वीं रैंक

 


गोकुलदास डिग्री कालेज मुरादाबाद की उप प्राचार्या प्रो. किरन साहू के बेटे देवांश को पांचवें प्रयास में मिली सफलता

मुरादाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद के देवांश गुप्ता ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में 77वीं रैंक हासिल करके पीतलनगरी का नाम चमका दिया है। पांचवें प्रयास में सफलता पाने वाले देवांश गुप्ता ने लगातार चार बार असफलता मिलने के बावजूद भी हिम्मत नहीं हारी और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए तैयारी जारी रखी। अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी मम्मी को देने वाले देवांश गुप्ता ने युवाओं के लिए संदेश देते हुए कहा है कि जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए तब तक दृढ, निश्चय, संकल्प के साथ जुटे रहे, एक दिन सफलता अवश्य मिलेगी। सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता। देवांश की इस उपलब्धि के बाद उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देने वालों की लाइन लग गई।

मुरादाबाद महानगर की दीनदयाल नगर निवासी गोकुलदास हिंदू गर्ल्स डिग्री कालेज की उप प्राचार्या व मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. किरन साहू के बेटे देवांश गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में 77वीं रैंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। देवांश ने यह सफलता अपने पांचवें प्रयास में प्राप्त की। लगातार चार बार असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए तैयारी जारी रखी।

देवांश ने वर्ष 2021 में सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी पुणे से बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए आनलाइन कोचिंग लेनी प्रारंभ कर दी थी। पहले प्रयास में असफल होने के बाद दूसरी बार मात्र 13 अंक से चूकने वाले देवांश गुप्ता ने हिम्मन नहीं हारी और अपनी मेहनत व लगन जारी रखी। चौथे प्रयास में वह प्री परीक्षा भी पार नहीं कर पाए। लगातार असफलताओं के बावजूद देवांश ने मानसिक दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया और तैयारी जारी रखी। आखिरकार पांचवें प्रयास में उन्होंने प्री, मेन और साक्षात्कार तीनों चरण सफलतापूर्वक पार करते हुए 77वीं रैंक हासिल कर अपना और अपनी माता का सपना साकार कर लिया।

प्रो किरन साहू ने अपने बेटे देवांश गुप्ता की सफलता पर गर्व करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और धैर्य के बल पर उनके बेटे ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी में सफलता हासिल की है। उन्होंने आगे कहा कि उनके बेटे देवांश गुप्ता ने हमेशा कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखी। देवांश की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। देवांश की यह सफलता व उपलब्धि को मुरादाबाद मंडल के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बनेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल