सामूहिक विवाह समारोह में शादीशुदा के विवाह प्रकरण की जांच के लिए मुरादाबाद पहुंचे उप निदेशक समाज कल्याण
- जिला समाज कल्याण अधिकारी ने दुल्हन के भुगतान पर रोक लगाई
मुरादाबाद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शादीशुदा के विवाह प्रकरण की जांच को लेकर उप निदेशक समाज कल्याण अजयवीर सिंह शनिवार को मुरादाबाद पहुंच गए। इस प्रकरण में जिला समाज कल्याण अधिकारी को मामले की जांच सौंपी। उधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने दुल्हन के भुगतान पर रोक लगा दी है।
शुक्रवार को मूंढापांडे के भदासना स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज में 261 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थामा था। इस समारोह में ही शादीशुदा का विवाह करा दिया गया। मामले की पोल तब खुली जब सिंदूर लगाकर आई दुल्हन मंडप आ गई। इसके बाद समाज कल्याण विभाग और ग्राम्य विकास विभाग के जिम्मेदारों ने दुल्हन की शादी करा दी।
दुल्हन भगतपुर टांडा क्षेत्र के पीपलसाना गांव की है। जबकि, दुल्हा रामपुर जिले के चमरौआ का निवासी है। विभाग की चयन सूची में दुल्हन का नाम 49 नंबर पर था। उप निदेशक समाज कल्याण अजयवीर सिंह का कहना है कि समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा बाजपेयी को जांच दी गई है।
वहीं समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा बाजपेयी का कहना है कि जांच के आरंभिक चरण में दुल्हन को भेजे जाने वाला भुगतान रोक दिया गया है। पात्रता सत्यापन की छानबीन होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल