मुरादाबाद : उप निदेशक करेंगे समाज कल्याण अधिकारी पर लगे आरोपों की जांच
मुरादाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक न्याय मंच की शिकायत पर संयुक्त आयुक्त (विकास) ने पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी मुरादाबाद के मामले में उप निदेशक को जांच करने के निर्देश दिए हैं। उप निदेशक 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट संयुक्त आयुक्त को सौंपेंगे।
सामाजिक न्याय मंच के अध्यक्ष बृजलाल जाटव ने मंडलायुक्त को शिकायतीपत्र देकर बताया था कि जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुड़ी जैन पर अनुसूचित जाति और जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1995 यथा संशोधित नियम के उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। विशेष अधिनियम की धाराओं में दोहरे मापदंड अपनाकर पीड़ितों को मिलने वाली आर्थिक धनराशि अपने हिसाब से एक्ट को दरकिनार एवं अनदेखा कर वितरण कर रही हैं। हालांकि सामूहिक विवाह याेजना में गड़बड़ी के कारण पंखुडी जेन काे हटा दिया गया था।
इस मामले में संयुक्त आयुक्त (विकास) विनय तिवारी ने इसकी जांच उप निदेशक समाज कल्याण से कराने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में उपनिदेशक अपनी आख्या 15 दिन के अंदर कार्यालय को जांच रिपाेर्ट देंगे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल