2027 में भाजपा फिर बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार : ब्रजेश पाठक
कानपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। जेलों में बंद माफिया और अपराधियों को भी प्रदेश में सत्ता बदलने की उम्मीद है, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होने वाला। भाजपा जनता के समर्थन से 2027 में फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह कभी ईवीएम तो कभी संविधान को लेकर भ्रम फैलाता है। यह बातें बुधवार को कानपुर में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने से पहले कहीं।उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी और सपा के नेता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की बात करते हैं, लेकिन उनके काम संविधान की भावना के विपरीत हैं। कांग्रेस ने संविधान को दरकिनार कर संवैधानिक व्यवस्थाओं को बाधित करने का काम किया है। कभी संसद नहीं चलने दी जाती तो कभी सड़कों पर लोगों को इकट्ठा करके आम जनता को परेशान किया जाता है। विपक्ष गलत नैरेटिव फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।पाठक ने ईवीएम को लेकर विपक्ष के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो ईवीएम पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन हारने के बाद मशीनों को लेकर आरोप लगाने लगता है। समाजवादी पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है। वह मुस्लिम तुष्टीकरण के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है।उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के नेता पर्दे के पीछे से बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने और सड़कों पर उतरने की बातें कर रहे हैं। विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन नहीं करना चाहता। भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और विपक्ष की राजनीति से लोगों को अवगत कराएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।इसके बाद बृजेश पाठक पदयात्रा में शामिल हुए और करीब एक किलोमीटर तक पैदल चले। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं के साथ जनता के बीच विपक्ष की नीतियों को लेकर अपनी बात रखी। पदयात्रा में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि यात्रा में करीब 30 हजार लोगों ने भागीदारी की।पदयात्रा में सांसद कानपुर देहात देवेंद्र सिंह भोले, सांसद कानपुर रमेश अवस्थी, राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल और प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण भी पहुंचे। इनके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विधायक अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी और नीलिमा कटियार शामिल हुईं। एमएलसी अरुण पाठक और सुनील विश्नोई ने भी पदयात्रा में हिस्सा लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप