उप मुख्यमंत्री पाठक विजय बहादुर पाठक के आवास पहुंच कर पिता के निधन पर जताया दुख, अर्पित की श्रद्धांजलि
आज़मगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही गुरुवार को आजमगढ़ जिले के ग्राम बड़सरा खालसा स्थित एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पहुंचे; उन्होंने भाजपा नेता पाठक के दिवंगत पिता स्वर्गीय राधेश्याम पाठक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और दुख की घड़ी में सरकार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वर्गीय राधेश्याम पाठक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है और सरकार हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़ी है।
इसके पहले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कप्तानगंज क्षेत्र के बड़सरा खालसा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व कोइनहा पीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और कहा कि प्रदेश सरकार सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और सरकार का उद्देश्य प्रदेश की जनता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसके बाद फिल्म धुरंधर को लेकर उपमुख्यमंत्री पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी प्रदेश में सपा की सरकार रही, तब अपराध चरम पर रहा। हत्या, लूट, डकैती और दंगे आम बात थे, जिससे जनता त्रस्त थी। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधी व माफिया प्रदेश छोड़कर भागने को मजबूर हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को जीवन भर प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। वहीं पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कोर्ट के निर्णय के बाद ही इस विषय पर कुछ कहा जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान