सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी : केशव प्रसाद मौर्य

 


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प लेकर सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को टीएसएच प्रांगण में आयोजित ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन के दौरान कहीं।

कानपुर में भाजपा कानपुर उत्तर जिले की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े संघर्ष, संकल्प, सेवा और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न प्रसंगों को कलाकारों ने मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गान से हुई। 13 कलाकारों की टीम ने प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े प्रसंगों को अभिनय के जरिए जीवंत किया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प माह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को विश्व के 36 देशों ने सर्वोच्च सम्मान से विभूषित किया है।

उन्होंने गांधी जयंती से शुरू हुए स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। प्रयागराज में प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता कर्मियों के पैर धोने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का संदेश देशभर में गया। कुंभ के दौरान स्वच्छता कर्मियों के समर्पण ने भी भारत की पहचान को मजबूत किया।

मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन में संघर्ष, संकल्प और राष्ट्रसेवा से जुड़े अनेक प्रसंग हैं। जम्मू में तिरंगा फहराने के संकल्प से लेकर तिरंगे के सम्मान और स्वाभिमान को विश्व पटल पर बढ़ाने तक कई कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी शांति का संदेश दिया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सेवा संकल्प अभियान को घर-घर तक पहुंचाने के साथ वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़े हैं और कानपुर में भी विकास कार्यों को गति मिली है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित और सशक्त भारत का निर्माण लक्ष्य है। भाजपा का उद्देश्य ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का निर्माण करना है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “विश्वास करो तुम मोदी पर, ये नवयुग का निर्माता है, ऐसा नेता इस धरती पर एक बार ही आता है।”

नाट्य मंचन में गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुरुआती दौर को दिखाने के लिए टी-स्टॉल का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद कच्छ भूकंप के बाद गुजरात के पुनर्निर्माण और विकास से जुड़े प्रसंगों को अभिनय के माध्यम से दिखाया गया। कोविड-19 महामारी के दौरान देश के सामने आई चुनौतियों और उनसे निपटने के प्रयासों को भी मंच पर प्रस्तुत किया गया।

वंदे मातरम् की प्रस्तुति और “अंधेरा घना है, लेकिन दीपक जलाना कहां मना है” जैसे संवादों पर दर्शकों ने तालियां बजाईं। नाट्य प्रस्तुति में कांग्रेस शासन के दौरान सामने आए कथित घोटालों का भी उल्लेख किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। जबकि संचालन अवधेश सोनकर और नवाब सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश मंत्री किरन निषाद, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, महिला आयोग सदस्य पूनम द्विवेदी समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप