आर्थिक आंकड़ों की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करें विभाग : डीएम

 


जौनपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला ओवरऑल ट्रेड एंड डेवलपमेंट सेल की प्रथम त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के सकल जिला घरेलू उत्पाद (जीडीडीपी) से संबंधित विभिन्न विभागों की प्रगति एवं उपलब्ध आंकड़ों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कृषि, उद्योग, व्यापार, पर्यटन, परिवहन, ऊर्जा, निर्माण, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों से जुड़े विभागों को निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध, प्रमाणिक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के आर्थिक विकास का सही आकलन तभी संभव है, जब सभी विभाग पारदर्शिता और शुद्धता के साथ अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराएं।

बैठक में प्राथमिक क्षेत्र के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान एवं वानिकी विभाग की प्रगति की समीक्षा की गई। खाद्यान्न, दलहन, तिलहन, गन्ना, फल, सब्जी, मसाला, पुष्प, दुग्ध, मांस, अंडा, मत्स्य एवं टिम्बर उत्पादन से संबंधित आंकड़ों को वास्तविक प्रगति के अनुरूप अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।

द्वितीयक क्षेत्र की समीक्षा में उद्योग, श्रम, विद्युत, जलापूर्ति एवं निर्माण कार्यों से संबंधित प्रगति पर चर्चा की गई। कारखाना अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत इकाइयों, एमएसएमई, जीएसटी संग्रह, औद्योगिक गतिविधियों तथा स्थानीय निकायों के राजस्व संबंधी आंकड़ों को अद्यतन एवं प्रमाणिक रखने पर जोर दिया गया।

तृतीयक क्षेत्र के अंतर्गत व्यापार, पर्यटन, होटल, परिवहन, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, बस परमिट, वाणिज्यिक वाहनों, बैंक ऋण, जमा राशि तथा अन्य आर्थिक संकेतकों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर जनपद की आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाता है। इसलिए सभी विभाग नियमित सत्यापन के बाद समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव