देवरिया एसपी ने बरियारपुर थाना का किया औचक निरीक्षण
देवरिया, 09 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने गुरुवार को बरियारपुर थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष तथा थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा थाने पर नियुक्त सभी विवेचकों का ओआर (ऑर्डरली रूम) लेकर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उसका निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान किया जाए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी रखी जाए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान थाने पर तैनात नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों से भी पुलिस अधीक्षक ने संवाद किया। उन्होंने जवानों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति विनम्र एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाने की सीख दी।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक