देवरिया : पानी के छींटे पड़ने के विवाद में युवक को चाकू मारा, दो आरोपित हिरासत में
देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। गौरीबाजार थाना क्षेत्र में पानी के छींटे पड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों ने एक युवक को साेमवार की बीती रात को चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि घायल देवताहा निवासी विशाल यादव (20) को पहले गौरीबाजार सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस दाैरान पता चला है कि 13 सितंबर को विशाल यादव और विपक्षी अभिषेक तथा विकास के बीच पानी के छींटे पड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर 14 सितंबर को अभिषेक और विकास ने विशाल यादव पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। गौरीबाजार पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल विशाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित अभिषेक और विकास को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायल के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक