देवरिया : गायत्री मंदिर के पास पोखरे में नहाते समय युवक डूबा, तलाश जारी
देवरिया, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद की कोतवाली क्षेत्र में कसया रोड स्थित गायत्री मंदिर के पास पोखरे में शनिवार को नहाते समय एक युवक डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पोखरे में युवक के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कराई गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा काफी प्रयास के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है।
युवक की पहचान आकाश साहनी (21) पुत्र स्व. चुन्नू निवासी संस्कृति मंदिर के पास, कसया रोड, थाना कोतवाली, देवरिया के रूप में हुई है।
इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और पोखरे में युवक की तलाश कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिवार के लोग भी युवक के मिलने की आस में मौके पर मौजूद रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक