देवरिया : युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
देवरिया, 17 अप्रैल (हि.स.)। जनपद देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कुसमहा उर्फ बेलवा गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दिवाकर (37 वर्ष) पुत्र राम केश्वर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाकर ने घर में पंखे की कुंडी में गमछे के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि मृतक पेशे से राजगीर मिस्त्री था। उसकी पत्नी प्रमिला देवरिया सदर स्टेशन पर सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुर थानेदार देवेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक