योग और आयुर्वेद अपनाएं, खुद भी स्वस्थ रहें और समाज को भी रखें निरोग : गीता विश्वकर्मा

 




देवरिया में स्वास्थ्य जागरूकता का महाअभियान, 250 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

देवरिया, 09 जून (हि.स.)। आरोग्य भारती देवरिया एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में श्री मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर, देवरिया खास सीसी रोड पर मंगलवार को निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 250 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने कहा कि योग और आयुर्वेद को अपनाकर व्यक्ति स्वयं स्वस्थ रह सकता है और समाज को भी निरोग बनाने में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आरोग्य भारती द्वारा किए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की सराहना की। जिला प्रचारक आकाश ने कहा कि आरोग्य ही सबसे बड़ा धन है। स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से स्वस्थ राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करना आरोग्य भारती का मुख्य उद्देश्य है।

आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि संस्था निरंतर स्वास्थ्य जागरूकता और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही है। शिविर में लोगों को योग, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा आयुर्वेदिक जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में आस्था हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज देवरिया एवं आयुर्वेद विभाग के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। अंत में मंदिर के महंत के उत्तराधिकारी राजेश नारायण ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर गरिमा त्रिपाठी, पुष्पराज तिवारी, नीरज, सुरेश गुप्ता, मीनू राय, आयुष सिंह, अनुपम कुमार शर्मा, डॉ. श्वेता त्रिपाठी, डॉ. उपेन्द्र गिरी, डॉ. मयंका, डॉ. हेमंत कुमार यादव, डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल, डॉ. स्वरूपा रानी, शिव कुमार मिश्रा, नेहा पाण्डेय, रतन वर्मा, प्रशांत कुमार, विकास कुमार, डॉ. शन्नो राय, अनंत प्रकाश वर्मा, अमित कुमार शुक्ला, डॉ. संतोष कुमार तिवारी, यशवंत शाही सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक