देवरिया: मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

 


देवरिया, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में शुक्रवार को विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

थाना एकौना की मिशन शक्ति टीम ने पचलड़ी बाजार में महिलाओं और बच्चियों को पंपलेट वितरित कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, आरक्षी बबलू कुमार, रिक्रूट आरक्षी सुरजीत सिंह यादव और महिला रिक्रूट आरक्षी अंकिता वर्मा मौजूद रहे।

इसी क्रम में थाना बरियारपुर की टीम ने ग्राम विशुन कला में महिला उपनिरीक्षक दीपमंजरी पाण्डेय, आरक्षी सुशील दीक्षित एवं महिला आरक्षी रुपम चौधरी के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया। वहीं थाना श्रीरामपुर की टीम ने हरेराम चौराहे पर महिला आरक्षी सुमन यादव और प्रियंका मौर्या के साथ छात्राओं और महिलाओं को जागरूक किया।

अभियान के दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस द्वारा बताया गया कि जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों और बाजारों में लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक