देवरिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मां - बेटे की मौत, दूसरा बेटा अस्पताल में भर्ती

 






देवरिया, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार काे एक विवाहिता और उसके दस साल के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जबकि दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मृतका के भाई हरिकेश ने जहरीला पदार्थ देकर बहन व भांजे को मारने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने मेडिकल कॉलेज पहुंच कर डॉक्टरों से बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

थाना प्रभारी राकेश राय ने बताया कि देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र के मेहड़ा पुरवा गांव निवासी अंजली (30 वर्ष) पत्नी निराला विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों मंगलवार को मौत हो गई। इस दौरान उसके एक बेटे ने भी दम तोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि विवाहिता अंजली की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया । महिला के बेटे कृष्णा विश्वकर्मा (10 वर्ष) की माैत हाे गयी। इसके साथ छोटा बेटा कान्हा उर्फ काशी (7 वर्ष) भी मेडिकल कॉलेज में आईसीयू में भर्ती है और स्थिति नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। माैके पर पहुंच कर फाॅरेंसिक टीम ने कुछ नमूने लिये और सीओ सिटी भी जांच के लिए पहुंचे हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक