देवरिया : फूल तोड़ने गई महिला की करंट लगने से मौत

 


देवरिया, 09 अगस्त (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में लार नगर पंचायत के घारी वार्ड में रविवार को करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार घारी वार्ड निवासी भरत ठाकुर की पत्नी निर्मला देवी रविवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर फूल तोड़ने गई थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रही नंगी एलटी लाइन से लोहे का पतला जीआई तार नीचे लटक रहा था। अनजाने में निर्मला देवी तार के संपर्क में आ गईं। करंट लगते ही वह मौके पर गिरकर अचेत हो गईं।

काफी देर तक निर्मला देवी के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह घटनास्थल पर अचेत अवस्था में मिलीं। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

निर्मला देवी के परिवार में चार बेटे और एक बेटी हैं। तीन बेटों और बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटे बेटे जगजीत की शादी होनी है। उनके बड़े बेटे संतोष इजराइल में रहते हैं। दूसरे बेटे मनोज लार में सैलून चलाते हैं, जबकि तीसरे बेटे रमेश पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।

मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गए। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर शोक व्याप्त है। परिजनों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जर्जर और नीचे लटक रही विद्युत लाइन को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक