देवरिया : विहिप ने मनाया स्थापना दिवस, संगठन के उद्देश्यों पर हुई चर्चा
देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का स्थापना दिवस गुरुवार को राघव नगर स्थित मनोकामना हनुमान मंदिर के मैरिज हॉल में मनाया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चले कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी संजय केडिया ने की। इसमें संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विहिप के उद्देश्यों, गतिविधियों और सामाजिक विषयों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता क्षेत्र गौ-रक्षा प्रमुख प्रेम शंकर ने विहिप के स्थापना दिवस और संगठन के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई में हुई थी। उन्होंने कहा कि संगठन हिंदू समाज को एकजुट करने तथा सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों पर कार्य करने के उद्देश्य से गठित किया गया था।
प्रेम शंकर ने संगठन की स्थापना की पृष्ठभूमि और अब तक की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता का कार्य किया जाता है।
अध्यक्ष संजय केडिया ने कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इस दौरान संगठन के कार्यों और आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में विहिप के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक