देवरिया : डिजिटल करेंसी के अवैध कारोबार और रंगदारी के मामले में तीन आरोपी व बाल अपचारी गिरफ्तार
देवरिया, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गौरीबाजार पुलिस ने डिजिटल करेंसी के अवैध कारोबार और करेंसी ट्रांसफर को लेकर हुए विवाद में पिस्टल दिखाकर रुपये, डिजिटल करेंसी और कार ले जाने के मामले में तीन आरोपितों के साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से देशी पिस्टल, चार मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पासबुक, चेकबुक, बलेनो कार और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि थानाध्यक्ष गौरीबाजार मृत्युंजय राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को खरोह बार्डर के पास से आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, खाताधारकों को लालच देकर उनके एटीएम, सिम कार्ड और पासबुक हासिल किए जाते थे। इसके बाद खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाकर अन्य साथियों के सहयोग से उस धनराशि से डिजिटल करेंसी की खरीद-फरोख्त की जाती थी।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई और एक अगस्त की मध्य रात्रि डिजिटल करेंसी के पैसे ट्रांसफर कराने को लेकर समूह के सदस्यों में विवाद हुआ था। आरोप है कि शुभम, पवन वर्मा और सैफ को जान से मारने की धमकी देकर पिस्टल दिखाई गई और उनसे 1.20 लाख रुपये नकद, 3500 रुपये की डिजिटल करेंसी तथा बलेनो कार आपराधिक षड्यंत्र के तहत ले ली गई।उन्होंने बताया कि
मामले में गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इसराफिल अली निवासी बरारी बैतालपुर, निखिल मणि निवासी गोविन्दपुर तथा अरबुद्दीन अंसारी उर्फ गोलू निवासी बसडीला के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने पकड़ा है।उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से चार एंड्राइड मोबाइल, 0.32 बोर की एक देशी पिस्टल, तीन आधार कार्ड, पांच एटीएम कार्ड, एक पासबुक, एक चेकबुक, बलेनो कार और 1550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार इसराफिल अली के खिलाफ पूर्व में भी गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय, उपनिरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, चंद्रशेखर सिंह, शुभम पाठक समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक