देवरिया : रुद्रपुर में बहन की  संदिग्ध मौत, भाई ने दी तहरीर

 


देवरिया, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के शीतल माझा निवासी 30 वर्षीय रिशु यादव, पत्नी उपेंद्र यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार को मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

मृतक के भाई मनोज यादव पुत्र अमृत, निवासी जोकहा गांव, थाना सुरौली ने रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिशु यादव की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए।

थानेदार कल्याण सिंह सागर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक