आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में तन मन से जुटे कार्यकर्ता-अखिलेश यादव

 


- सुरेश यादव के विचार आज भी जीवित, उन्हें आगे बढ़ाना होगा

देवरिया, 09 अक्टूबर (हि.स.)। धरती पर जो भी आता है, उसे एक दिन दुनिया छोड़कर जाना पड़ता है, लेकिन उसके विचार हमेशा जीवित रहते हैं। पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेश यादव के विचार आज भी जीवित हैं। उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाना होगा। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें शुक्रवार को लार थाना क्षेत्र के रक्शा गांव में आयोजित पूर्व विधायक सुरेश यादव की श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहीं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि बलिया और देवरिया की धरती वीरों और बहादुरों की धरती रही है। यहां के लोगों ने हमेशा संघर्ष, साहस और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का काम किया है। पूर्व विधायक सुरेश यादव ने भी अपने राजनीतिक जीवन में जनता के बीच रहकर संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाना पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। किसी व्यक्ति के जाने से उसका शरीर भले ही समाप्त हो जाता है, लेकिन उसके विचार समाज को दिशा देते रहते हैं। इसलिए सुरेश यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष ने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि जो अपमानित हो रहा है, वही पीडीए का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों को साथ लेकर चलने की अपील की। कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करें तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा से उन्हें जोड़ें।

उन्होंने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव प्रदेश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। ऐसे में कार्यकर्ताओं को अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाना चाहिए। आपसी एकजुटता, मेहनत और जनता के बीच सक्रियता के बल पर ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए को मजबूत बनाने और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक