देवरिया : स्पोर्ट्स क्लास में दौड़ते समय छात्र की मौत
देवरिया, 18 सितंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सलेमपुर कस्बे स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में शुक्रवार दोपहर स्पोर्ट्स क्लास के दौरान कक्षा 11 के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र स्कूल परिसर में अन्य बच्चों के साथ दौड़ लगा रहा था। इसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। शिक्षक उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के जयराम कौड़िया गांव निवासी 16 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे आयुष अन्य छात्रों के साथ दौड़ लगा रहा था। अचानक वह गिर पड़ा। शिक्षक उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना पर सलेमपुर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। परिवार का आरोप है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद स्कूल की ओर से उन्हें जानकारी दी गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस स्तर से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
आयुष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी बहन इसी स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ती है। पिता नवलपुर चौराहे पर मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकान चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मां दमयंती देवी समेत परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
थानेदार विनाेद सिंह ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम की कार्यवाही चल रही हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक