देवरिया : गिरजा सरोवर में चला विशेष सफाई अभियान, सावन से पहले हटाया गया कचरा

 


देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रुद्रपुर नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्थित गिरजा सरोवर में फैली गंदगी और कूड़े-कचरे को लेकर नगर पंचायत प्रशासन सोमवार को सक्रिय हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता छोटेलाल निगम की पहल पर सरोवर में विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा कचरे को हटाया गया। साथ ही मंदिर परिसर की भी व्यापक साफ-सफाई कराई जा रही है।

गिरजा सरोवर में लंबे समय से जमा कूड़ा, प्रदूषित पानी और इससे श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तत्काल सफाई की मांग की थी। मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत की टीम ने सरोवर में विशेष अभियान चलाकर गंदगी और कूड़े-कचरे को हटाया। इसके अलावा मंदिर परिसर में भी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य शुरू किया गया, ताकि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नितेश गौरव ने बताया कि सावन के पावन माह को ध्यान में रखते हुए गिरजा सरोवर की सफाई पूरी करा दी गई है। मंदिर परिसर में भी नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि छोटेलाल निगम ने कहा कि धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे गिरजा सरोवर और दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।

नगर पंचायत की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि आगे भी नियमित सफाई होती रहेगी, जिससे धार्मिक स्थल की गरिमा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बनी रहेंगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक