देवरिया : जमीन के विवाद में बेटे ने की महिला की हत्या, आरोपित फरार

 


देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सलेमपुर नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात पारिवारिक जमीन विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपित बेटे की तलाश शुरू कर दी है।

थानेदार विनोद सिंह ने बताया कि

घटना सलेमपुर नगर के वार्ड नंबर-दो पिपरा नाजिर की है। मृतका की पहचान संकेषा देवी (50) के रूप में हुई है। परिवार में काफी समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में बेटे ने मां के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से संकेषा देवी मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सलेमपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद आरोपित बेटा फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक