देवरिया में चार एडीओ (पंचायत) को कारण बताओ नोटिस, जिलाधिकारी ने मांगा स्पष्टीकरण

 


देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार काे आईजीआरएस के प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण और लापरवाही करने के आराेप में चार सहायक विकास अधिकारियाें (पंचायत) को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इनमें नोटिस पाने वालों में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), भाटपाररानी शामिल हैं। इनके खिलाफ स्ट्रीट लाइट लगवाने और हैंडपंप की मरम्मत से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई है। इसी तरह नाली पर जबरन कब्जे की शिकायत के निस्तारण में लापरवाही पर एडीओ पंचायत सदर को नोटिस दिया गया है।

साफ-सफाई से संबंधित शिकायत के निस्तारण में लापरवाही पर एडीओ पंचायत गौरीबाजार तथा नई नाली निर्माण से जुड़ी शिकायत के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर एडीओ पंचायत भटनी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक