जनसेवा की मिसाल हें नरेंद्र मोदी, 17 सितंबर से शुरु हाेगा सेवा संकल्प अभियान : पवन मिश्र
-सेवा संकल्प अभियान के तहत किसान मोर्चा चलाएगा विभिन्न कार्यक्रम
देवरिया, 13 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर रविवार काे भाजपा किसान मोर्चा की बैठक भाजपा कार्यालय पर हुई। बैठक में अभियान के कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत किसान मोर्चा के पदाधिकारी सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले किसान परिवारों के घर पहुंचकर एक दीपक प्रज्वलित करेंगे।
उन्होंने बताया कि दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर किसान मोर्चा के पदाधिकारी सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। वहीं 18 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच प्रत्येक शक्ति केंद्र पर पदाधिकारी गांवों में जाकर सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले किसानों की वीडियो क्लिप तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।
पवन कुमार मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसेवा की मिसाल हैं। भाजपा जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से अभियान के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला महामंत्री भगवान यादव, मुकेश राय, अरुण मिश्र, विजेंद्र चौहान, डॉ. विनोद पांडेय, सत्येंद्र सिंह सोनू, विकास मणि, सुब्रत सिंह, सुमंत चतुर्वेदी, शैलेंद्र राव, दुर्गेश चौधरी, गोलू यादव और वीरेंद्र पाठक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक