देवरिया : एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी सरदार पटेल की जयंती

 


देवरिया, 28 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पिछड़ा वर्ग मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन राजभर उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है। देश की रियासतों के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाएं और उनके विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही, कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

मुख्य अतिथि अर्जुन राजभर ने सरदार पटेल के योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष रणविजय सिंह सैंथवार, जिला महामंत्री कृष्णनाथ राय एवं जितेन्द्र सिंह, अमित मोदनवाल, गोविन्द चौरसिया, विपिन यादव, विजय पटेल, राहुल कुमार,शुभम मणि त्रिपाठी, सुनील मद्धेशिया, त्रिभुवन प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक