देवरिया : मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 19 हजार रुपये, सुरौली पुलिस ने पूरी रकम वापस कराई
देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को सुरौली पुलिस की साइबर टीम ने राहत दिलाई है। मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से निकाली गई 19 हजार रुपये की पूरी धनराशि पुलिस ने पीड़ित के खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने देवरिया पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताया।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुरौली थाना क्षेत्र के परसा जोकहा गांव निवासी छोटेलाल निषाद के मोबाइल फोन को हैक कर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 19 हजार रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने छह सितंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी।
साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई कर ठगी की धनराशि को तत्काल होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कराते हुए 19 हजार रुपये की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस ट्रांसफर करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने से पीड़ित को बड़ी राहत मिली। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कांस्टेबल इमरान अंसारी और कांस्टेबल जसवंत यादव शामिल रहे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक