देवरिया : बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत, चार घायल
देवरिया, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सुरौली थाना क्षेत्र के सरौरा पुलिया के पास शुक्रवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुरौली थाना क्षेत्र के सरौरा गांव निवासी मनदीप राजभर (18) पुत्र छोटू राजभर अपने गांव के बलिराम (20) और शंभू (17) के साथ बाइक से देवरिया मुख्यालय आए थे। शुक्रवार देर रात तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। तभी दूसरी बाइक से आ रहे तिवई गांव निवासी पिंटू के बेटे प्रिंस (18) और पीयूष (17) की सरौरा पुलिया के पास सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांचों युवक घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मनदीप और शंभू की गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन मनदीप राजभर को गोरखपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।
कोतवाल शशि भूषण राय ने शनिवार को बताया कि विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक