देवरिया में शादी समारोह में आए व्यक्ति की सड़क हादसे में  मौत

 


देवरिया, 06 मई (हि.स.)। देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

गौरी बाजार के थानेदार डा . महेन्द्र ने बताया कि गोरखपुर जनपद के चौरी-चौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलवरिया निवासी अदालत प्रसाद (53), पुत्र स्वर्गीय राम अधार साइकिल से गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बखरा गांव स्थित अर्जुन डीहा, बभनौली टोला में सुरेन्द्र की बेटी की शादी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह बखरा गांव के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गौरी बाजार थाना प्रभारी डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का है। मृतक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक