देवरिया : दृष्टि’ की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता पर जोर : कृषि मंत्री

 




देवरिया, 24 सितंबर (हि.स.)। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक गुरुवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके। बैठक में समाज कल्याण विभाग की शादी अनुदान, ओ-लेवल, सीसीसी प्रशिक्षण व छात्रवृत्ति, पशुपालन की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि, बैकयार्ड पोल्ट्री, बकरी-भेड़ पालन, ग्राम्य विकास की रोजगार प्रोत्साहन, सामुदायिक भवन और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति जानी गई।

कृषि विभाग में कृषक जागरूकता, मक्का विकास, मिलेट्स पुनरोद्धार, संकर बीज तथा दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स बीज मिनीकिट वितरण की समीक्षा हुई। इसके अलावा भूमि संरक्षण, उद्यान, सहकारिता, शिक्षा, एमएसएमई, विद्युत, सिंचाई, मत्स्य, श्रम, कौशल विकास, ग्रामीण जलापूर्ति, पर्यटन, गन्ना, खाद्य एवं विपणन तथा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

सड़क एवं सेतु निर्माण की लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गन्ना भुगतान की समीक्षा में किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान कराने को कहा गया। जलापूर्ति परियोजनाओं में पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, सीडीओ राजेश कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक