एचआईवी जागरूकता के लिए देवरिया में 'रेड रन मैराथन' आयोजित
देवरिया, 01 अगस्त (हि.स.)।एचआईवी एवं एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार सुबह स्वर्गीय रवींद्र किशोर शाही स्टेडियम में 'रेड रन मैराथन' का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से यूथ फेस्ट सप्ताह के तहत आयोजित पांच किलोमीटर की मैराथन का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता और जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन में पुरुष वर्ग के 76 और महिला वर्ग की 32 प्रतिभागियों सहित कुल 108 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में अभिषेक कुमार ने प्रथम, रितेश निषाद ने द्वितीय और रोहित यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि शंभु कुमार को सांत्वना पुरस्कार मिला। महिला वर्ग में काजल पासवान प्रथम, आंचल पासवान द्वितीय और पूजा पांडे तृतीय रहीं। प्रीति चौरसिया को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को 2500, 2000, 1500 तथा 500 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिशा के क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर डॉ. नीतीश राय ने एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और नाको हेल्पलाइन 1097 के उपयोग की जानकारी दी। वहीं, एचआईवी-टीबी समन्वयक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने एचआईवी-टीबी सह-संक्रमण, टीबी के लक्षणों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर हाल ही में आयोजित एचआईवी जागरूकता क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने युवाओं से जागरूक होकर समाज में एचआईवी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और समय पर जांच एवं उपचार अपनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक