वोट की रक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी: अनिल भारद्वाज

 


देवरिया, 21 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत शनिवार को देवरिया जिले के रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के मौलाना आजाद इंटरमीडिएट कॉलेज, रामपुर डुमरी के प्रांगण में चौपाल का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूची पर निर्भर करती है। वोट केवल मतदान का अधिकार नहीं, बल्कि आम जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि अभियान को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में किसी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और किसी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

पूर्व सांसद कमल किशोर ‘कमांडो’ ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा कांग्रेस की बुनियादी प्रतिबद्धता है। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर वोट की निगरानी और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा के लिए बूथ रक्षक नियुक्त किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष शेषनाथ गोंड ने की। इस दौरान प्रेमचन्द प्रजापति, भरत मणि त्रिपाठी, अब्दुल जब्बार, हरिहर त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय, सत्य प्रताप मिश्रा अंशु, राशिद अंसारी, अजय सिंह सैथवार, विनोद त्रिपाठी, फिरोज आलम, मकबूल कुरैशी, राजाराम यादव, महबूब अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक