देवरिया : फार्म-6 की प्रगति असंतोषजनक, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

 


- एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर देना होगा स्पष्टीकरण

देवरिया, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण में फार्म-6 की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार काे सात सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति आयोग की मंशा के अनुरूप नहीं पाई गई। इनमें 336-रुद्रपुर, 337-देवरिया, 338-पथरदेवा, 339-रामपुर कारखाना, 340-भाटपार रानी, 341-सलेमपुर और 342-बरहज विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस पाने वालों में तहसीलदार रुद्रपुर राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी देवरिया गुरुशरण श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी देसही देवरिया सुधीर पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी तरकुलवा मनोज कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी भाटपार रानी प्रसिद्ध नाथ त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सलेमपुर राम सूरज और नायब तहसीलदार बरहज बिन्द्रेश कुमार गुप्ता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में तैनात हैं। निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक