देवरिया में प्रधानमंत्री आवास के तहत पूनम को मिला पक्का मकान, मुख्यमंत्री का जताया आभार

 


देवरिया, 26 सितंबर (हि.स.)। नगर पंचायत बैतालपुर की रहने वाली पूनम पत्नी मिथलेश कभी मिट्टी के कच्चे घर में पॉलीथिन डालकर परिवार के साथ गुजर-बसर करती थीं। बरसात के दिनों में घर में पानी टपकने से बच्चों समेत पूरे परिवार को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। पक्के मकान का सपना उनके लिए दूर की बात थी।

पूनम बताती हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार को उम्मीद जगी। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका आवेदन कराया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें स्वीकृति पत्र मिला और आवास निर्माण के लिए पहली किस्त की धनराशि बैंक खाते में पहुंची। इसके बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय किस्त की धनराशि मिलने से आवास का निर्माण पूरा हो सका।

पक्का मकान मिलने के बाद पूनम बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि अब बरसात में घर टपकने की चिंता नहीं रहती और परिवार को सुरक्षित छत मिल गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि योजना ने उनके जैसे गरीब परिवार के पक्के घर के सपने को साकार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक